चेनारी। कैमूर पर्वत श्रृंखला के गोद में स्थित भगवान शिव का प्राचीन मंदिर जिसे गुप्तेश्वर नाथ धाम के रूप में जाना जाता है। स्थानीय लोग इस धाम को गुप्ता धाम भी कहते हैं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावणी मेला के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के श्रद्धा का केन्द्र रहा। खबर लिखे जाने तक लगभग 40 हजार श्रद्धालु यहां दर्शन करने आ चुके थे। अभी भी मार्ग में यात्रियों की लंबी कतारें लगी हुईं थी ।
बताते चलें कि पांच राज्यों के भक्तगण अपने आराध्य देव भगवान शिव का दर्शन पूजन करने इस धाम पर पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, छतीसगढ़, झारखंड और बिहार के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां पहुंच रहे हैं। वही हर हर महादेव, गुप्तेश्वर नाथ की जय, बाबा गुप्ता धाम की जय इत्यादि के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजायमान है। यह मंदिर आदि काल से लोगों के आस्था का केन्द्र रहा है। इस मंदिर का निर्माण कब हुआ यह बता पाना संभव नहीं है।
ऐसा बताया जाता है कि गुप्तेश्वर नाथ के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं के सभी मनोकामना पूर्ण हो जाते हैं, जिसको लेकर काफी संख्या में श्रद्धालु गुप्तेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना करते हैं। हरेक साल लाखों श्रद्धालु यहां आकर अपने आस्था के सागर में डुबकी लगाकर अपने आप को धन्य और पुण्य का भागी बनते हैं।