शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 राँची 29°C
ब्रेकिंग न्यूज़
मेघालय में पर्यटन को बढ़ावा, मोटरकारवां योजना से उद्यमियों को मौका   •   भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द फैसला संभव   •   बिहार में उद्योग को बढ़ावा, मुजफ्फरपुर में लेदर पार्क शुरू   •   रामगढ़ में होमगार्ड अभ्यर्थियों की ट्रायल दौड़ जारी, विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा   •   देव में कबाड़खानों के संचालन पर सवाल, लाइसेंस और एनओसी को लेकर उठे सवाल   •   आरा में मॉर्निंग वॉक पर रिटायर कस्टम अधिकारी की हत्या, एक आरोपी हिरासत में   •   मेघालय में पर्यटन को बढ़ावा, मोटरकारवां योजना से उद्यमियों को मौका   •   भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द फैसला संभव   •   बिहार में उद्योग को बढ़ावा, मुजफ्फरपुर में लेदर पार्क शुरू   •   रामगढ़ में होमगार्ड अभ्यर्थियों की ट्रायल दौड़ जारी, विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा   •   देव में कबाड़खानों के संचालन पर सवाल, लाइसेंस और एनओसी को लेकर उठे सवाल   •   आरा में मॉर्निंग वॉक पर रिटायर कस्टम अधिकारी की हत्या, एक आरोपी हिरासत में   •  
बिहार ब्रेकिंग न्यूज़

ट्रक-बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत, एक ही गांव के थे मृतक

पश्चिम चंपारण के लौरिया में एनएच-727 पर ट्रक और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

M
Media Darshan संवाददाता, Media Darshan
23 सितंबर 2026, 05:07 PM IST (23 सितंबर 2026) अपडेट: 14 अक्टूबर 2026, 05:01 PM IST
शेयर करें:
WhatsApp X (Twitter) Facebook
लौरिया: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर बुधवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा लौरिया-बेतिया मार्ग पर जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप दोपहर करीब पौने 12 बजे हुआ। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बेतिया से लौरिया की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि जिरिया बंगाली माई स्थान के पास सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क किनारे एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया।
News Image

हादसे की सूचना मिलने पर लौरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), लौरिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया, लेकिन पुलिस के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है।

मृतकों में दो चचेरे भाई

मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र की बेलवा लखनपुर पंचायत के मौलानगर निवासी याकूब आलम (20), साहिल मियां (20) और सुंदर कुमार साह (20) के रूप में हुई है। याकूब आलम नथुनी मियां के पुत्र, साहिल मियां दिलजान मियां के पुत्र और सुंदर कुमार साह रामबालक साह के पुत्र थे।

परिजनों के अनुसार, याकूब और साहिल आपस में चचेरे भाई थे। तीनों युवक अविवाहित थे। बताया गया कि याकूब की शादी तय हो चुकी थी। तीनों अपने-अपने परिवार में सबसे छोटी संतान थे।

हादसे की खबर से गांव में शोक

हादसे की जानकारी मिलते ही मौलानगर गांव में शोक का माहौल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम है।

पंचायत के मुखिया अनिल कुमार राम ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि तीन युवकों की मौत से पंचायत के लोग मर्माहत हैं और इस मुश्किल समय में मृतकों के परिवारों के साथ हैं।

ट्रक चालक की तलाश में पुलिस

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान के अनुसार, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में फिलहाल कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ट्रक चालक और वाहन मालिक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।