कोलकाता, 27 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता के नेशनल लाइब्रेरी में आयोजित राम-शरद कोठारी प्रतिभा सम्मान समारोह में कहा कि इस बार राज्य की जनता ने भाजपा को वोट देकर उन्हें और पार्टी के कार्यकर्ताओं को बचा लिया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां नहीं बदलतीं तो उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर कदम उठाने पड़ते।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के बाद इस बार अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण माहौल रहा। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और राजनीतिक हिंसा की संस्कृति समाप्त करने की बात कही।
शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल की संस्कृति और परंपरा के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया। उन्होंने राम-शरद कोठारी बंधुओं के बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में तीर्थ सर्किट विकसित करने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया। उन्होंने गोशालाओं के विस्तार के लिए सरकारी सहयोग का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक संस्कृति में बदलाव समय लेगा, लेकिन सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए काम कर रही है।