वीरपुर: सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों को लगातार जोड़ने का दावा कर रही है। सरकार का दावा है कि हर दिन ग्रामीण क्षेत्र के सड़कों को नया विस्तार दिया जा रहा है। देश के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्य मार्ग मंत्री नितिन गडकरी वर्ष 2024 तक भारत के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को अमेरिका के बराबर करने की बात करते हैं। वहीं वीरपुर प्रखंड को तेघरा एवं भगवानपुर प्रखंड से जोड़ने वाली वीरपुर खरमौली चिल्हाय पथ वर्षों से अपने तारण हार की प्रतीक्षा कर रही है।
बेगूसराय के तीन विधान सभा बेगूसराय , तेघरा एवं बछ्वाड़ा को जोड़ने वाली यह एकमात्र पथ है। यह पथ विगत करीब 3 वर्षों से पूरी तरह जर्जर अवस्था में है जो जगह जगह गढ्ढों में बदल चुकी है। इस पथ पर राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल है। मोटर साइकिल एवं अन्य वाहनों से इस पथ से गुजरना खतरों से भरा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से अंतिम बार वर्ष 2014 में 7.5 किलो मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण हुआ था।सड़क निर्माण के 5 वर्षबीतने के बाद ही यह सड़क काफी जर्जर होने लगी। आज स्थिति काफी विकट है। वाहन चालक जब इस पथ से गुजरते हैं तोउन्हें छोटे बड़े गड्डों से ठोकरें एवं हिचकोलें खाने पड़ते हैं। इस सड़क से गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाना काफी पीड़ादायक है।
गेन्हरपुर पंचायत का खरमौली, बड़हरा एवं गेन्हरपुर गांव एवं चिल्हाय पंचायत का अम्बा एवं चिल्हाय गांव सीधे सीधे इस सड़क से जुड़ा हुआ है। इस सड़क के जर्जर होने से करीब पंद्रह हजार से अधिक की आबादी का आवागमन प्रभावित है ।उक्त सड़क पर गाड़ी चलाना तो दूर की बात पैदल चलना भी खतरों से खाली नहीं है। विभागीय उदासीनता की वजह से अभी तक इस सड़कका निर्माण नहीं हुआ है। पूर्व मुखिया राम शंकर दास ने बताया कि पूर्व में भी इस जर्जरसड़क की निर्माण की मांग संबंधित विभाग से की गई थी। लेकिन विभाग के द्वारा किसी भी तरह की पहल नहीं होने से सड़क की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती चली जा रही है।
उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों एवं स्थानीय विधायक से अविलंब सड़क निर्माण की मांग की है। उप मुखिया अजीत महतो ने बताया कि सड़क की स्थिति काफी दयनीय है जिससे सड़क दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है। मरीजों को भी अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कत हो रही है। सड़क का निर्माण जल्द होना चाहिए। ग्रामीण अरविंद महतो कहते हैं कि इस पथ पर गाड़ी चलना बहुत मुश्किल है।आए दिन सड़क दुर्घटना होती रहती है। जरा सी बारिश राहगीरों की परेशानी काफी बढ़ा देती है। विधायक एवं सांसद को सड़क निर्माण के लिए जल्द पहल करना चाहिए। गेन्हरपुर के ग्रामीण सह समाजसेवी विजय कुशवाहा ने स्थानीय विधायक व सांसद से अविलंब सड़क निर्माण की मांग की है।