तिलौथू : ग्राम पंचायत चंदनपुरा में रेणु देवी, मुखिया के द्वारा अनोखी पहल की शुरुआत करते हुए हर घर दस्तक अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत मुखिया रेणु देवी के द्वारा सी थ्री के परामर्श से लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवम् ग्रामीण स्वच्छता समिति की बैठक कर संस्थागत प्रसव एवम् परिवार नियोजन कार्यक्रमों को सशक्त बनाने के लिए हर घर दस्तक अभियान की रूप रेखा तैयार की गई।
हर घर दस्तक अभियान के तहत मुखिया एवम् स्वास्थ्य समितियों के सदस्यों के द्वारा गर्भवती माताओं के घरों में भ्रमण कर उनके परिवारों के बीच संस्थागत प्रसव के फायदे, गर्भवती माताओं के खान पान, आयरन गोली की महत्ता, प्रसव उपरांत माताओं और बच्चों कि देखभाल के महत्व, शीघ्र स्तनपान के फायदे, सम्पूर्ण टीकाकरण, प्रसव उपरांत कॉपर टी को अपनाकर परिवार को नियोजित करने के फायदे, स्वास्थ्य संबंधी सलाह एवम् शिकायत के लिए टोल फ्री नम्बर 104 का प्रयोग इत्यादि मुद्दों के संबंध में गर्भवती माताओं के परिवारों के साथ विस्तृत रूप से चर्चा किया गया एवम् साथ में परिवारों के नाम से व्यक्तिगत पत्र भी देकर उनसे संकल्प भी करवाया गया। मुखिया के द्वारा अपना व्यक्तिगत मोबाइल भी ग्रामीणों को उपलब्ध करवाया जा रहा है ताकि वे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्राप्ति के मार्ग में आ रहे अड़चनों को उनसे साझा कर सकें।
इस अभियान के शुरू होने से चंदनपुरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों के साथ साथ अन्य नजदीकी ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्था सुधार को लेकर हलचल देखी जा रही है। रेणु देवी, मुखिया बताती हैं कि सेंटर फॉर कैटलाईजिंग चेंज, स्वास्थ्य विभाग एवम् पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 18 अगस्त 2022 को सदर अस्पताल सभागार में आयोजित एक दिवसीय अभिमुखीकरण ने हम ग्राम पंचायत के निर्वाचित मूखियागनों में नया जोश भरने का कार्य किया है साथ ही हमें ना केवल स्वास्थ्य एवम् सामाजिक मुद्दों के ऊपर हमारी अभिरुचि बढ़ाने का कार्य किया है वरन् हमें पंचायत स्तर पर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए भी प्रेरित किया है।