नए साल के शुरूआती महीनों में ही बिहार को केन्द्र सरकार की ओर से सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत की सौगात मिलने जा रही है। हालांकि बिहार को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए राजधानी, दूरंतो और हमसफर सहित तमाम तेज गति व उच्चस्तरीय सुविधाओं वाली ट्रेनें मिली हुई हैं लेकिन वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत होने का अभी तक इंतजार ही हो रहा है। हालांकि केन्द्र सरकार के इस साल के रेल बजट में देश के तकरीबन हर जिले को वंदे भारत से जोड़ने की बात अवश्य कही गई थी लेकिन उस घोषणा को अमली जामा पहनाने की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही है। नतीजन अभी तक सिर्फ पांच वंदे भारत ट्रेनें ही चल पाई हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि अगले साल मार्च तक देश में 75 वंदे भारत ट्रेन चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसी कड़ी में पटना से होकर गुजरने वाली वंदे भारत के अलावा सहारनपुर रूट पर एक अन्य वंदे भारत ट्रेन चलने की बात भी हो रही है।
जिस तरह से अगले कुछ महीनों के भीतर ही बिहार को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने की बात सामने आई है वह निश्चित ही बेहद उत्साहवर्धक है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार के लोगों को नए साल में बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। बताया जा रहा है कि अगले कुछ महीनों बाद होली से पहले ही वंदे भारत एक्सप्रेस पटना से होकर गुजरने लगेगी। बताया जा रहा है कि वाराणसी से एक और वंदे भारत की शुरुआत की जाएगी। यह ट्रेन पटना होती हुई कोलकाता को जा सकती है। रेलवे के अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार से होकर एक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल अभी वाराणसी से हावड़ा वाया पटना वाले रूट पर ट्रेन चलाने की बातचीत हो रही है। यह ट्रेन दानापुर, राजेंद्रनगर टर्मिनल और पटना जंक्शन पर रुक सकती है। पूर्व मध्य रेल के अधिकारी के अनुसार, इसके लिए पटरियों को मजबूत करने का काम जारी है। दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पटना जंक्शन होते झाझा तक लगभग 400 किमी तक पटरी मजबूत हुआ है। छोटी-छोटी खामियों को दूर किया जा रहा है। इस ट्रेन से यात्रा की मौजूद अवधि घट कर आधे से भी कम हो जाएगी। इस ट्रेन में एक ओर जहां पैसेंजर्स को कई तरह की खास सुविधाएं मिलेगी, वहीं वक्त भी बचेगा। अभी इस मार्ग पर तेजस, संपूर्ण क्रांति और राजधानी जैसी अच्छी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। फिलहाल एक्सप्रेस ट्रेनें 12 से 13 घंटे में दिल्ली पहुंचती हैं। बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस 150 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। फिलहाल राजधानी एक्सप्रेस प्रति घंटा 130 किमी की गति से चल रही है। इसके अलावा पूर्वा एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, भागलपुर इंटरसिटी सहित अन्य ट्रेनों की रफ्तार 80 से 110 किमी प्रति घंटा हैं। राजधानी के मुकाबले वंदे भारत एक्सप्रेस की गति 30-50 किमी प्रति घंटा अधिक होगी।