मीडिया दर्शन /रजौन (बांका) : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को रजौन प्रखंड के विभिन्न इलाकों में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा। खासकर रानीटीकर दुर्गा मंदिर में माता के दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ और भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र देवीमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महाअष्टमी के अवसर पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा की थाली, डालिया, खोइछा और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचीं। महिलाओं ने मां के चरणों में श्रद्धा के साथ पूजन सामग्री अर्पित की और अपने परिवार की मंगलकामना की। मंदिरों में दर्शन के लिए कतारें लगी रहीं। वहीं, श्रद्धालुओं के जयकारों और धार्मिक माहौल ने नवरात्र की रौनक को और बढ़ा दिया।
विभिन्न मंदिरों में दिनभर लगी रही भक्तों की भीड़
रानीटीकर के अलावा मोदी हाट दुर्गा मंदिर, पुनसिया बाजार, खिड्डी हाट, सिंहनान और खरवा सहित प्रखंड के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया था। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन करने पहुंचे। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। मंदिर परिसरों में भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया गया।महाअष्टमी को लेकर पूजा पंडालों और मंदिरों में विशेष चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना की। नवरात्र के इस महत्वपूर्ण अवसर पर परिवार के साथ पूजा करने पहुंचे लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
महाअष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। रजौन की बीडीओ अंतिमा कुमारी और थानाध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने पूजा स्थलों के आसपास की स्थिति पर नजर बनाए रखी, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।वहीं, नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में सीओ विश्वजीत कुमार और थानाध्यक्ष सुजीत कुमार भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सक्रियता के साथ पूजा समितियों के सहयोग से पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया। महाअष्टमी पर पूरे प्रखंड में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा तथा मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा।