शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 राँची 29°C
ब्रेकिंग न्यूज़
मेघालय में पर्यटन को बढ़ावा, मोटरकारवां योजना से उद्यमियों को मौका   •   भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द फैसला संभव   •   बिहार में उद्योग को बढ़ावा, मुजफ्फरपुर में लेदर पार्क शुरू   •   रामगढ़ में होमगार्ड अभ्यर्थियों की ट्रायल दौड़ जारी, विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा   •   देव में कबाड़खानों के संचालन पर सवाल, लाइसेंस और एनओसी को लेकर उठे सवाल   •   आरा में मॉर्निंग वॉक पर रिटायर कस्टम अधिकारी की हत्या, एक आरोपी हिरासत में   •   मेघालय में पर्यटन को बढ़ावा, मोटरकारवां योजना से उद्यमियों को मौका   •   भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द फैसला संभव   •   बिहार में उद्योग को बढ़ावा, मुजफ्फरपुर में लेदर पार्क शुरू   •   रामगढ़ में होमगार्ड अभ्यर्थियों की ट्रायल दौड़ जारी, विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा   •   देव में कबाड़खानों के संचालन पर सवाल, लाइसेंस और एनओसी को लेकर उठे सवाल   •   आरा में मॉर्निंग वॉक पर रिटायर कस्टम अधिकारी की हत्या, एक आरोपी हिरासत में   •  
बिहार ब्रेकिंग न्यूज़

दुर्गा पूजा से पहले पियनिया में मूर्तियां क्षतिग्रस्त, मां दुर्गा समेत करीब एक दर्जन प्रतिमाओं को नुकसान

भोजपुर के पियनिया गांव में दुर्गा पूजा से पहले मां दुर्गा समेत करीब एक दर्जन प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने आरा-सहार मुख्य मार्ग जाम किया।

M
Media Darshan संवाददाता, Media Darshan
25 सितंबर 2026, 07:50 PM IST (25 सितंबर 2026) अपडेट: 2 अक्टूबर 2026, 11:37 AM IST
शेयर करें:
WhatsApp X (Twitter) Facebook
मीडिया दर्शन/आरा (भोजपुर): भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड के पियनिया गांव में दुर्गा पूजा से पहले मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार की रात अज्ञात लोगों पर पूजा के लिए तैयार की जा रही मां दुर्गा समेत करीब एक दर्जन देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

शुक्रवार की सुबह पूजा समिति के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कई प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं। आरोप है कि कुछ प्रतिमाओं के हाथ-पैर तोड़कर उन्हें जमीन पर पलट दिया गया था। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आरा-सहार मुख्य मार्ग को पियनिया गांव के पास जाम कर दिया।

पूजा की तैयारियों के बीच हुई घटना

श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी गांव में दुर्गा पूजा की तैयारियां चल रही थीं। पूजा के लिए मां दुर्गा समेत करीब एक दर्जन देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार कराई जा रही थीं। समिति के मुताबिक अधिकांश प्रतिमाएं निर्माण के अंतिम चरण में थीं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि रात के समय प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सुबह मिली। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। समिति के सामने अब क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं की मरम्मत या दोबारा निर्माण कराने की चुनौती भी है।

ग्रामीणों ने पुलिस से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

सड़क जाम की सूचना मिलने पर उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि पुलिस को दुर्गा पूजा के लिए बनाई जा रही प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।